दिग्गल में पेंशनर्स महासंघ की बैठक, लंबित देनदारियों के भुगतान में देरी पर रोष।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। भारतीय राज्य पेंशनर्ज महासंघ दिग्गल इकाई की बैठक इकाई अध्यक्ष नंदलाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संचालन महामंत्री प्रेम सिंह ने किया, जिसमें पदाधिकारियों सहित वरिष्ठ सदस्यों ने भाग लिया।


बैठक में पेंशनरों ने प्रदेश सरकार द्वारा लंबित देनदारियों के भुगतान को लेकर किए गए वादे पर अमल न होने पर नाराजगी जताई। सदस्यों ने कहा कि 13 मई 2026 को हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के साथ हुई राज्य स्तरीय बैठक में जनवरी 2016 से जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त पेंशनरों की नई वेतनमान संबंधी लंबित देनदारी में से 40 प्रतिशत राशि का भुगतान 31 जुलाई 2026 तक करने का निर्णय लिया गया था।


पेंशनरों के अनुसार निर्धारित समय सीमा बीत चुकी है और 8 अगस्त तक भी इस संबंध में सरकार की ओर से आवश्यक अधिसूचना जारी नहीं की गई है। उन्होंने मांग की कि 40 प्रतिशत लंबित देनदारी के भुगतान को लेकर अधिसूचना तत्काल जारी कर प्रक्रिया शुरू की जाए।
वक्ताओं ने कहा कि सरकार की ओर से पेंशनरों की मांगों को लेकर बार-बार आश्वासन दिए जाते रहे हैं, लेकिन उन्हें निर्धारित समय में लागू नहीं किया जा रहा। उन्होंने 13 मई को हुए निर्णयों को शीघ्र अमलीजामा पहनाने की मांग की।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सरकार की ओर से जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के आगामी संघर्षात्मक कार्यक्रम में दिग्गल इकाई प्रदेश महासंघ के निर्देशानुसार सक्रिय भागीदारी करेगी।
इस अवसर पर भारतीय राज्य पेंशन महासंघ के प्रदेश महामंत्री इंद्रपाल शर्मा, जिला सचिव ओम प्रकाश गर्ग, कुनिहार इकाई के उपाध्यक्ष देवेंद्र कौशल सहित अन्य पदाधिकारी एवं वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page