●आचार्य दीक्षित बैरागी सुना रहे शिव महापुराण कथा, जंगम गुलाब सिंह ने 11 दिन तक एक टांग पर खड़े रहकर कथा श्रवण का लिया संकल्प।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। नगर पंचायत अर्की के वार्ड नंबर-2 स्थित माता काली मंदिर प्रांगण में पवित्र श्रावण मास के उपलक्ष्य पर शिव महापुराण कथा का श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन 1 अगस्त से 11 अगस्त तक चल रहा है। शुक्रवार को कथा का सातवां दिन रहा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की महिमा का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

कथा में आचार्य दीक्षित बैरागी अपनी मधुर वाणी से भगवान शिव के चरित्र, भक्ति, त्याग, वैराग्य तथा मानव कल्याण से जुड़े प्रसंगों का वर्णन कर श्रद्धालुओं को धर्म और सदाचार का संदेश दे रहे हैं। प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से सायं 4 बजे तक प्रवचन तथा रात्रि 8 बजे से 10 बजे तक भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्र सहित आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।


इस धार्मिक आयोजन की विशेषता यह है कि जंगम गुलाब सिंह ने शिव महापुराण कथा के आरंभ से समापन तक 11 दिनों तक एक टांग पर खड़े रहकर मौन व्रत के साथ कथा श्रवण करने का संकल्प लिया है। अपने इस संकल्प के तहत वे सातवें दिन भी एक टांग पर खड़े रहकर कथा सुनते रहे।
आयोजकों के अनुसार 10 अगस्त को जंगम योगियों द्वारा शिव-पार्वती विवाह का दिव्य आयोजन किया जाएगा, जबकि 11 अगस्त को हवन पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ शिव महापुराण कथा का समापन होगा।

गौरतलब है कि जंगम गुलाब सिंह मूल रूप से हरियाणा के निवासी हैं तथा उनका अर्की क्षेत्र से वर्षों पुराना जुड़ाव है। वे प्रत्येक वर्ष श्रावण मास में अर्की पहुंचकर जंगम की पारंपरिक वेशभूषा में धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हैं।



