ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – उपमंडलाधिकारी (नागरिक) कार्यालय के सभागार में वीरवार को आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम निशांत तोमर ने की।

बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। एसडीएम निशांत तोमर ने बताया कि इस वर्ष खंड स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह ऐतिहासिक चौगान अर्की में आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं देशभक्ति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को भी सम्मानित किया जाएगा।

बैठक में समारोह के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं तथा सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
इस अवसर पर नगर पंचायत के पार्षदों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




