अर्की में पेंशनरों का सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप, 40 प्रतिशत बकाया राशि जारी करने की उठाई मांग।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, अर्की इकाई की बैठक बुधवार को लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह अर्की में इकाई अध्यक्ष कृष्णचंद शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिला अध्यक्ष बाबूराम ठाकुर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमरचंद शर्मा तथा उपाध्यक्ष देवीरूप अत्री विशेष रूप से उपस्थित रहे। महासंघ के महासचिव अनिल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बैठक में अर्की क्षेत्र के दूर-दराज इलाकों से आये पेंशनरों ने भाग लिया।


बैठक में उपस्थित पेंशनरों ने प्रदेश सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने 13 मई 2026 को आश्वासन दिया था कि जनवरी 2016 से जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त कर्मचारियों को संशोधित वेतनमान की 40 प्रतिशत बकाया राशि 31 जुलाई 2026 तक जारी कर दी जाएगी, लेकिन अब तक इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इससे पेंशनरों में भारी नाराजगी है।


बैठक में यह भी मुद्दा उठाया गया कि जल शक्ति विभाग से सेवानिवृत्त कुछ कर्मचारियों के जीआईएस तथा चिकित्सा प्रतिपूर्ति (मेडिकल बिलों) का भुगतान अभी तक लंबित है। इस संबंध में अधिशासी अभियंता, जल शक्ति मंडल अर्की को पूर्व में भी पत्र भेजा जा चुका है। महासंघ ने निर्णय लिया कि भुगतान के लिए एक स्मरण पत्र पुनः भेजा जाएगा। यदि 15 दिनों के भीतर लंबित राशि का भुगतान नहीं किया गया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान जल शक्ति विभाग से सेवानिवृत्त खेमराज शर्मा ने भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, अर्की इकाई की सदस्यता ग्रहण की। इकाई के पदाधिकारियों एवं उपस्थित पेंशनरों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके जुड़ने से संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा पेंशनरों के हितों की लड़ाई को बल मिलेगा।


बैठक में पेंशनरों ने सरकार से लंबित वित्तीय देनदारियों का शीघ्र भुगतान करने तथा पेंशनरों से किए गए सभी वादों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की मांग की।
बैठक में कामेश्वर शर्मा, यशपाल शर्मा, रामलाल शर्मा, रामलाल पंवार, पद्म देव, हेमंत शर्मा, बालक राम सहित अन्य पेंशनर उपस्थित रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page