लड़ोग स्कूल में विश्व स्कार्फ दिवस पर स्काउटिंग के मूल्यों से विद्यार्थियों को किया प्रेरित

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग में शनिवार को विश्व स्कार्फ दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रभारी यश पाल वर्मा के मार्गदर्शन में स्काउट एवं गाइड विद्यार्थियों तथा शिक्षकों ने स्कार्फ धारण कर स्काउटिंग की एकता, सेवा, अनुशासन और विश्व बंधुत्व का संदेश दिया।


कार्यक्रम का शुभारंभ स्काउट प्रार्थना एवं ध्वज सम्मान के साथ हुआ। स्काउट मास्टर भूपेन्द्र कुमार तथा गाइड कैप्टन सरोज कुमारी ने विद्यार्थियों को विश्व स्कार्फ दिवस के महत्व से अवगत कराते हुए बताया कि प्रत्येक वर्ष 1 अगस्त को विश्वभर में स्काउट एवं गाइड सदस्य स्कार्फ धारण कर स्काउट आंदोलन के संस्थापक लॉर्ड बैडन-पॉवेल द्वारा आयोजित प्रथम स्काउट शिविर की स्मृति में यह दिवस मनाते हैं।


विद्यालय प्रभारी यश पाल वर्मा ने विद्यार्थियों को स्काउट प्रतिज्ञा एवं नियमों का पालन करते हुए समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन और सेवा-भाव जैसे गुणों का विकास करती है, जो उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।


कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं स्काउट-गाइड सदस्य उपस्थित रहे। अंत में सभी ने सेवा, अनुशासन और मानवता की भावना के साथ कार्य करने तथा स्काउटिंग के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page