ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- शिव कांवड़ सेवा समिति हाटकोट, कुनिहार के तत्वावधान में राजदरबार परिसर में 11 दिवसीय शिव महापुराण कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। ओल्ड बस स्टैंड से निकली कलश एवं पुराण यात्रा मुख्य बाजार से होते हुए पूरे कुनिहार की परिक्रमा कर ऐतिहासिक प्राचीन ठाकुर द्वारा मंदिर पहुंची। यहां वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद यात्रा कथा स्थल राजदरबार परिसर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयघोषों के बीच कथा का शुभारंभ कराया।

कथा व्यास एवं राष्ट्रीय प्रचारक गौ रक्षा सेवा दल के शशांक कौशल का आयोजन समिति और स्थानीय श्रद्धालुओं ने पुष्पमालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया। पूरे मार्ग में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोषों से वातावरण शिवमय बना रहा। बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा में भाग लिया, जबकि शिवभक्त भजनों की धुन पर श्रद्धा भाव से झूमते नजर आए।

समिति के पदाधिकारी विनोद भारद्वाज और राधा रमण शर्मा ने बताया कि शिव महापुराण कथा प्रतिदिन दोपहर एक बजे से शाम चार बजे तक आयोजित होगी। कथा में भगवान शिव की महिमा, शिवभक्ति, सनातन संस्कृति, धर्म और मानव जीवन से जुड़े प्रेरणादायी प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से परिवार सहित कथा में पहुंचकर धर्म लाभ अर्जित करने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि प्रतिदिन कथा के समापन के बाद सभी श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। कथा के पहले दिन क्षेत्र के गणमान्य लोगों, महिलाओं, युवाओं और शिवभक्तों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।



