दानोघाट पंचायत में ग्राम सभा में विकास कार्यों पर बनी सहमति, जनहित के कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत दानोघाट में ग्राम सभा का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। निर्धारित कोरम पूरा होने के साथ पंचायत के सभी वार्डों के प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ग्राम सभा में पंचायत क्षेत्र के विकास, जनसुविधाओं और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रधान दुनी चंद शर्मा ने सभी वार्डों की समस्याओं एवं ग्रामीणों द्वारा दिए गए सुझावों को गंभीरता से सुना। प्रत्येक वार्ड की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर विभिन्न विकास कार्यों के चयन एवं स्वीकृति के लिए प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए, ताकि पंचायत क्षेत्र का संतुलित एवं समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके। ग्राम सभा में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किए गए। पंचायत क्षेत्र में किन्नर समुदाय को सम्मान स्वरूप 1,100 रुपये की सहायता राशि प्रदान करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा पंचायत क्षेत्र में बिना अनुमति आने वाले फेरी वालों पर रोक लगाने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।


बैठक में पंचायत क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से नशे के विरुद्ध व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा नशे की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने संबंधी प्रस्ताव भी पारित किया गया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान दुनी चंद शर्मा ने सभी ग्रामवासियों से पंचायत के विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सुरक्षित एवं नशामुक्त ग्राम का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक ग्रामीण अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करे और पंचायत के विकास में भागीदार बने।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page