99 वर्ष की आयु में भी आत्मनिर्भर हैं बातल गांव की गौरी शर्मा

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़ – उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत बातल की निवासी गौरी शर्मा 99 वर्ष की आयु में भी स्वस्थ, सक्रिय और आत्मनिर्भर जीवन जी रही हैं। बढ़ती उम्र के बावजूद वे न केवल अपने दैनिक कार्य स्वयं करती हैं, बल्कि घर के अन्य कार्यों में भी हाथ बंटाती हैं।

उनकी अच्छी सेहत और सक्रिय जीवनशैली क्षेत्र के लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है।
गौरी शर्मा की पौत्री सपना ने बताया कि उनकी दादी आज भी पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त हैं। उन्हें स्पष्ट दिखाई देता है और सुनने में भी कोई विशेष परेशानी नहीं है। वे नियमित रूप से घर के कार्य करती हैं तथा अपना अधिकांश काम स्वयं संभालती हैं। सपना के अनुसार उनकी दादी का जीवन हमेशा सादगी, अनुशासन और मेहनत से भरा रहा है, जिसका सकारात्मक प्रभाव आज भी उनकी सेहत पर दिखाई देता है।


उन्होंने बताया कि गौरी शर्मा का खानपान अत्यंत सादा है और वे हमेशा घरेलू तथा पौष्टिक भोजन को प्राथमिकता देती रही हैं। साथ ही वे सकारात्मक सोच और सक्रिय दिनचर्या को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा मानती हैं।


आज के समय में जब कम उम्र में ही लोग अनेक स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे हैं, वहीं 99 वर्ष की आयु में गौरी शर्मा की सक्रियता और आत्मनिर्भरता एक मिसाल है। गांव के लोग भी उनकी जीवटता और उत्साह की सराहना करते हैं तथा उन्हें नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत मानते हैं।


गौरी शर्मा का स्वस्थ और सक्रिय जीवन यह संदेश देता है कि संतुलित जीवनशैली, नियमित दिनचर्या और सकारात्मक दृष्टिकोण से बढ़ती उम्र में भी स्वस्थ और ऊर्जावान रहा जा सकता है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page