ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – पीएम श्री एससीवीटी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अर्की में सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना का विशेष सात दिवसीय शिविर शुक्रवार को शुरू हुआ। शिविर का शुभारंभ राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित पूर्व प्रधानाचार्य भूपेंद्र गुप्ता ने बतौर मुख्यातिथि किया। 23 से 29 अक्टूबर तक चलने वाले इस शिविर की थीम नशामुक्ति एवं टीबी मुक्त युवा रखी गई है। शिविर में 107 स्वयंसेवी भाग ले रहे हैं, जिनमें 44 लड़के और 63 लड़कियां शामिल हैं।

शुभारंभ अवसर पर मुख्यातिथि भूपेंद्र गुप्ता ने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा का उपयोग शिक्षा, खेलकूद, समाजसेवा तथा राष्ट्र निर्माण जैसे सकारात्मक कार्यों में करने का आह्वान किया। उन्होंने स्वयंसेवियों को शिविर की गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी लालचंद वर्मा और हेमलता शर्मा ने शिविर के दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियों की जानकारी दी। बॉयज यूनिट के प्रभारी लालचंद वर्मा तथा गर्ल्स यूनिट की प्रभारी हेमलता शर्मा सात दिनों तक स्वयंसेवियों का मार्गदर्शन करेंगे। विद्यालय के प्रधानाचार्य हेमराज गौड़ ने विद्यार्थियों को शिविर के उद्देश्यों को समझते हुए अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर स्वयंसेवियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।
शिविर के पहले दिन अर्की अस्पताल से पहुंचे एचआईवी परामर्श एवं परीक्षण सेवाओं के काउंसलर डॉ. विजय शांडिल ने स्वयंसेवियों को नशे की लत और टीबी से बचाव के बारे में जानकारी दी। उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों, स्वस्थ जीवनशैली तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दीपक गुप्ता सहित विद्यालय के शिक्षक तथा एसएमसी सदस्य उपस्थित रहे।


