ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग में नशा मुक्त भारत अभियान (2.0) के अंतर्गत एंटी चिट्टा एवं नशा विरोधी जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने गांव में रैली निकालकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने विभिन्न नारों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इसके साथ ही विद्यालय में इको क्लब (3.0) के अंतर्गत “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। विद्यार्थियों और अध्यापकों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण की भावना तथा सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करना था।

विद्यालय की भारत स्काउट एवं गाइड इकाई ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई। स्काउट एवं गाइड के विद्यार्थियों ने पौधारोपण कर पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरित भविष्य के महत्व पर अपने विचार भी व्यक्त किए।
विद्यालय प्रभारी यशपाल वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशामुक्त समाज और स्वच्छ पर्यावरण राष्ट्र निर्माण के दो महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अध्यापक सरोज कुमारी, पवन कुमार, सुभाष चंद, भूपेंद्र कुमार एवं राकेश कुमार सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक, विद्यार्थी तथा अभिभावक दीपा चौधरी और ललिता देवी भी उपस्थित रहे। सभी ने नशामुक्त एवं हरित भारत के निर्माण का संकल्प लिया।






