ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुंदन में एनएसएस इकाई के सौजन्य से अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह का आयोजन किया जा रहा।

योग सप्ताह के अंतर्गत विद्यार्थियों, अध्यापकों एवं स्थानीय लोगों को योग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त इतिहास प्रवक्ता अमर सिंह वर्मा उपस्थित रहे। वहीं भारत सरकार के आयुष मंत्रालय से आए योग विशेषज्ञ विकास स्वामी एवं रेखा देवी ने लगातार दो दिनों तक विद्यार्थियों, अध्यापकों तथा उपस्थित जनसमूह को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया तथा योग के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों, अध्यापकों, विद्यार्थियों एवं एनएसएस स्वयंसेवियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। स्वयंसेवियों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान एनएसएस स्वयंसेवी हर्षिता एवं जान्हवी ने योग के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत करते हुए नियमित योगाभ्यास के लाभों से सभी को अवगत कराया।

मुख्य अतिथि अमर सिंह वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या मनोरमा कुमारी चड्ढा ने कहा कि योग स्वस्थ, संतुलित एवं अनुशासित जीवन का आधार है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से नियमित योग करने का आग्रह किया तथा योग सप्ताह के सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।





