फ्लाइंग ऑफिसर बनने के बाद अपने स्कूल पहुंचे मयंक शर्मा, विद्यार्थियों से साझा किए अनुभव

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़-  भारतीय वायु सेना में हाल ही में फ्लाइंग ऑफिसर बने संस्कार पब्लिक स्कूल भूमती के पूर्व छात्र मयंक शर्मा ने शनिवार को अपने पुराने विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों को सफलता के सूत्र बताए। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।


अपने प्रेरणादायक संबोधन में मयंक शर्मा ने नर्सरी से पांचवीं कक्षा तक संस्कार पब्लिक स्कूल में बिताए अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि विद्यालय से प्राप्त शिक्षा, संस्कार और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उनके व्यक्तित्व निर्माण तथा जीवन में आगे बढ़ने की मजबूत नींव रखी। उन्होंने सैनिक स्कूल में चयन से लेकर भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनने तक की अपनी यात्रा का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।


उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, कठिन परिश्रम, समर्पण और दृढ़ संकल्प का होना अत्यंत आवश्यक है। विद्यार्थियों से उन्होंने बड़े सपने देखने, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने तथा उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया।


मयंक शर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को देते हुए कहा कि परिवार का सहयोग और शिक्षकों का मार्गदर्शन ही किसी भी विद्यार्थी को सफलता के शिखर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि माता-पिता के संस्कार और शिक्षकों की सीख जीवनभर व्यक्ति का मार्गदर्शन करती है।


उनका संबोधन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा। इस दौरान विद्यार्थियों ने भी उनसे विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर उनके अनुभवों से सीख प्राप्त की।
विद्यालय प्रबंधन ने मयंक शर्मा के आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका आभार जताया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल सैन्य जीवन की कामना की। प्रबंधन ने कहा कि मयंक शर्मा की उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है और उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेगी।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page