ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़। लक्ष्य पब्लिक स्कूल अर्की में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “योग फॉर एजिंग” (बढ़ती आयु के लिए योग) रही, जिसके तहत विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को योग के महत्व से अवगत कराया गया।

विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में नर्सरी से लेकर जमा दो तक के सभी विद्यार्थियों ने शारीरिक शिक्षा अध्यापक (डीपीई) तथा अपने-अपने कक्षा अध्यापकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम गतिविधियों में भाग लिया। विद्यार्थियों को बताया गया कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति, एकाग्रता और जीवन में सकारात्मकता भी प्रदान करता है। उन्हें प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने भी सक्रिय रूप से भाग लेकर योगाभ्यास किया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या वीना गुप्ता तथा प्रबंध निदेशक आकाश गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। नियमित योगाभ्यास से शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं तथा व्यक्ति जीवन की चुनौतियों का बेहतर ढंग से सामना कर सकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतिदिन योग करने और इसे अपनी आदत बनाने का आह्वान किया, ताकि वे शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक रूप से सुदृढ़ बन सकें। कार्यक्रम का समापन सामूहिक योगाभ्यास एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संकल्प के साथ हुआ।




