ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- 14 से 17 जून तक रामपुर ज्यूरी में आयोजित हिमाचल प्रदेश सब-जूनियर स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप में पंचवीर बॉक्सिंग क्लब अर्की के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

प्रतियोगिता में क्लब के खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए। हर्षित ने 55 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं मोहित ने 58 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया। गर्ल्स वर्ग में गुंजन ने 52 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर क्लब को एक और सफलता दिलाई।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर पंचवीर बॉक्सिंग क्लब अर्की में खुशी का माहौल है। क्लब के कोच जुगल किशोर ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आने वाले समय में भी खिलाड़ी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।




