चौंरटू में कहासुनी के बाद युवक पर हेलमेट से हमला, आरोपी गिरफ्तार

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के चौंरटू क्षेत्र में सड़क किनारे हुई कहासुनी के बाद एक युवक पर कथित रूप से हेलमेट से हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक (एसपी) सोलन ने की है।


पुलिस के अनुसार 15 जून को अर्की निवासी प्रेम लाल ने पुलिस थाना अर्की में शिकायत दर्ज करवाई कि वह अपने साथी महेश गुप्ता के साथ सरयांज की ओर जा रहे थे। जब वे चौंरटू नामक स्थान पर पहुंचे तो वहां एक मोटरसाइकिल सवार अपनी बाइक को पीछे कर रहा था। इसी दौरान महेश गुप्ता ने उसे सावधानी बरतने और थोड़ा साइड होने के लिए कहा, ताकि मोटरसाइकिल उसके पैरों पर न चढ़ जाए।


शिकायत के अनुसार इस बात से नाराज होकर मोटरसाइकिल सवार ने महेश गुप्ता का गला पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि बाद में उसने अपने हाथ में पकड़े हेलमेट से महेश गुप्ता के सिर और शरीर पर वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।


घायल महेश गुप्ता को प्राथमिक उपचार के लिए निजी अस्पताल सरयांज ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे आगामी उपचार के लिए सिविल अस्पताल अर्की रेफर कर दिया।
मामले में पुलिस थाना अर्की में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी कमलदेव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल का निरीक्षण एसएफएसएल जुंगा की विशेषज्ञ टीम से भी करवाया गया तथा मौके से प्राप्त भौतिक साक्ष्यों को कब्जे में लिया गया है।

जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व में पुलिस थाना कुनिहार में मारपीट का एक अन्य मामला भी दर्ज है।
पुलिस ने आरोपी को 16 जून को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page