पहली ही बारिश में उजागर हुई कुनिहार की जल निकासी व्यवस्था, दुकानों और घरों में घुसा पानी

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़-  नगर पंचायत कुनिहार में आज हुई पहली बारिश ने जल निकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। बारिश के दौरान नालियों का पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर बहने लगा, जिससे बाजार सहित कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। कई दुकानों और घरों में पानी घुस जाने से लोगों को नुकसान उठाना पड़ा।


स्थानीय लोगों के अनुसार बाजार क्षेत्र की कई दुकानों में पानी भर गया, जिससे दुकानों में रखा सामान खराब हो गया। वहीं कई घरों में भी पानी घुसने से लोगों को घंटों मशक्कत कर पानी बाहर निकालना पड़ा। सड़कों पर जलभराव के कारण पैदल राहगीरों, स्कूली बच्चों तथा वाहन चालकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।


लोगों का आरोप है कि बरसात से पहले नालियों की समुचित सफाई नहीं की गई, जिसके चलते पहली ही बारिश में कई स्थानों पर पानी जमा हो गया। नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बहता रहा और बाजार क्षेत्र में अव्यवस्था का माहौल बन गया।
वहीं ग्राम पंचायत कुनिहार के पूर्व प्रधान राकेश ठाकुर ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र में नालियों की सफाई का कार्य लगातार चल रहा है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर कुछ लोगों द्वारा नालियों में पत्थर व अन्य सामग्री डालने तथा भवन निर्माण सामग्री और मलबा सड़कों के किनारे छोड़ने के कारण पानी की निकासी बाधित हो रही है। इससे बरसात के दौरान जलभराव की समस्या बढ़ जाती है।


राकेश ठाकुर ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि भवन निर्माण सामग्री को समय पर हटाएं तथा नालियों की सफाई का भी विशेष ध्यान रखें, ताकि वर्षा के दौरान पानी की निकासी सुचारु बनी रहे। उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रशासन और आम जनता दोनों के सहयोग की आवश्यकता है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page