चंडी स्कूल में राज्य स्तरीय युवा नेतृत्व शिविर का शुभारंभ, 254 एनएसएस स्वयंसेवक ले रहे भाग।

सिरमौर और सोलन जिलों के 153 विद्यालयों के स्वयंसेवकों ने लिया हिस्सा, सात दिवसीय शिविर में निखारी जाएंगी नेतृत्व क्षमता।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी (अर्की) में राज्य स्तरीय युवा नेतृत्व शिविर का शुभारंभ संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा डॉ. जगदीश चंद नेगी ने बतौर मुख्य अतिथि किया। इस अवसर पर पर्यवेक्षक राज कुमार गौतम तथा एनएसएस जिला समन्वयक डी.आर. भट्टी विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य एल.आर. ठाकुर ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों का स्वागत किया।


इस सात दिवसीय एनएसएस विशेष शिविर में सिरमौर और सोलन जिलों के 153 विद्यालयों से 254 एनएसएस स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं। उद्घाटन समारोह के दौरान स्वयंसेवकों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया।


शिविर की आगामी गतिविधियों के संचालन के लिए स्वयंसेवकों को चार समूहों में विभाजित किया गया तथा प्रत्येक समूह के लिए समूह नेताओं का चयन किया गया। वहीं, मास्टर ट्रेनरों को समूह प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस दौरान सभी स्वयंसेवकों को बैज, डायरी और पेन भी वितरित किए गए।
शाम को आयोजित सांस्कृतिक संध्या में स्वयंसेवकों ने एकल गायन और एकल नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रात्रिभोज के पश्चात स्वयंसेवकों ने दिनभर आयोजित गतिविधियों और अपने अनुभवों को अपनी-अपनी डायरियों में दर्ज किया।
यह शिविर 3 नवंबर तक चलेगा। शिविर के दौरान विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से स्वयंसेवकों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आपसी सहयोग और समाज सेवा की भावना विकसित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
इस अवसर पर मांजू विद्यालय के प्रधानाचार्य हंस राज ,मांगू विद्यालय के प्रधानाचार्य हरीश गुप्ता, विद्यालय के एनएसएस प्रभारी पंकज कुमार एवं हेमलता, एसएमसी प्रधान टेक चंद सहित विद्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page