ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। राजकीय महाविद्यालय अर्की को नई प्राचार्य मिल गई हैं। प्रो. रजनी सांख्यान ने 31 अक्टूबर को महाविद्यालय के प्राचार्य पद का कार्यभार संभाल लिया। उनके कार्यभार ग्रहण करने पर महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. मस्त राम सहित प्राध्यापकों एवं गैर-शिक्षक कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।

कार्यभार संभालने के बाद प्रो. सांख्यान ने महाविद्यालय परिसर का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संस्थान में सुधार और विकास की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने महाविद्यालय की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों के हित में कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।

प्रो. रजनी सांख्यान इससे पहले जिला कांगड़ा के राजकीय महाविद्यालय डाडा-सीबा में प्राचार्य के पद पर कार्यरत थीं। भौतिक विज्ञान विषय की प्राध्यापिका के रूप में उन्होंने राजकीय महाविद्यालय नालागढ़, सोलन, राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला तथा एससीईआरटी सोलन में सेवाएं दी हैं। उन्होंने अपने शिक्षण कार्य की शुरुआत राजकीय वल्लभ महाविद्यालय मंडी से की थी।
राष्ट्रीय सेवा योजना की छात्रा इकाई की कार्यक्रम अधिकारी के रूप में भी उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। इस दौरान उनके मार्गदर्शन में कई स्वयंसेवियों ने राष्ट्रीय एकीकरण शिविरों में भाग लिया। उन्होंने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं सर्वांगीण उन्नति के लिए भी कार्य किया है।
इस अवसर पर उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी से अधिष्ठाता छात्र कल्याण के पद से सेवानिवृत्त डॉ. हरि पाल सांख्यान भी उपस्थित रहे।
महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नवनियुक्त प्राचार्य प्रो. सांख्यान ने कहा कि महाविद्यालय का विकास और विद्यार्थियों का हित उनकी प्राथमिकता रहेगी। संस्थान की अधोसंरचना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने महाविद्यालय के सभी कर्मचारियों से विकास कार्यों में सहयोग देने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षण संस्थान की प्रत्येक गतिविधि का केंद्र विद्यार्थी होने चाहिए।


