ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। शिमला जिला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामपुर क्योंथल में विद्यार्थियों के लिए आपदा प्रबंधन विषय पर एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। विद्यालय के मीडिया प्रभारी अशोक शर्मा ने बताया कि इस दौरान ‘DOERS’ नामक निजी गैर-सरकारी संगठन के कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

शिविर में अध्यापकों और विद्यार्थियों ने विभिन्न जीवन रक्षक तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यकर्ताओं ने भूकंप, आगजनी और सड़क दुर्घटनाओं जैसी आपदाओं के दौरान प्राथमिक सहायता कैसे दी जाए, इसकी विस्तृत जानकारी दी।
विद्यार्थियों को ‘ड्रॉप, कवर, होल्ड’ तकनीक, सीपीआर (CPR) तथा घायलों की देखभाल, रक्तस्राव रोकने और सुरक्षित तरीके से अस्पताल पहुंचाने के उपायों का प्रायोगिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को आपदा की स्थिति में घबराहट से बचने और कम से कम नुकसान सुनिश्चित करने के तरीकों से भी अवगत कराया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या उमा तंवर, इतिहास प्रवक्ता नीम चंद, प्राथमिक विद्यालय के केंद्र मुख्य अध्यापक नरेश शर्मा सहित सभी अध्यापक उपस्थित रहे।




