ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग में बुधवार को विश्व पृथ्वी दिवस बड़े उत्साह एवं जागरूकता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनका उद्देश्य विद्यार्थियों में पृथ्वी संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रभारी अध्यापक यशपाल वर्मा ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पृथ्वी की रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है और इसके लिए छोटे-छोटे प्रयास भी बड़ा बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पेड़-पौधे लगाने, जल संरक्षण करने तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान विद्यालय के यूथ एंड इको क्लब की प्रभारी सरोज कुमारी ने भी बच्चों को पृथ्वी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने इस वर्ष की थीम “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” पर विशेष रूप से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की भारत स्काउट एंड गाइड यूनिट का भी सराहनीय योगदान रहा। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों ने पृथ्वी संरक्षण की प्रतिज्ञा ली।

कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यापक—अरुण शर्मा, पवन कुमार, सुभाष चन्द, भूपेन्द्र कुमार, राकेश कुमार एवं पूर्ण चन्द चौधरी—ने भी अपने विचार साझा किए और पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न उपाय बताए।

कार्यक्रम के अंतर्गत छात्रों को वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे पृथ्वी संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। अंत में सभी ने मिलकर पृथ्वी संरक्षण का संदेश दिया और कार्यक्रम को सफल बनाया।



