ब्यूरो दैनिक हिमाचल न्यूज। पुलिस थाना अर्की में दर्ज चरस तस्करी मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी जिला कुल्लू के आनी क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है, जिसे मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस ने दबोचा।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 अप्रैल 2026 को जिला पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई ने गुप्त सूचना के आधार पर अर्की व कुनिहार निवासी दो युवकों को मोटरसाइकिल पर जाते समय पकड़ा था। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 249 ग्राम चरस बरामद की गई थी। दोनों आरोपियों की आयु क्रमशः 31 व 32 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों से गहन पूछताछ की तथा मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लेकर जब्त किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया।

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया, जिसमें खुलासा हुआ कि बरामद चरस जिला कुल्लू के आनी क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति से खरीदी गई थी। इसके आधार पर पुलिस थाना अर्की की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव डींग, डाकघर जाओं, तहसील आनी, जिला कुल्लू निवासी 38 वर्षीय आरोपी को 22 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को 23 अप्रैल को न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है। इस मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक सोलन ने की है।




