ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के तहत नगर पंचायत अर्की के सभी 7 वार्डों के चुनाव के लिए निर्वाचन कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। यह जानकारी निर्वाचन अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी अर्की द्वारा दी गई।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वार्ड नंबर 1 से 7 तक के लिए नामांकन पत्र 29 अप्रैल, 30 अप्रैल और 02 मई 2026 को उपमण्डलाधिकारी कार्यालय अर्की में प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन पत्र जमा करने का समय प्रातः 11 बजे से सायं 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। उम्मीदवार अथवा उनके प्रस्तावक द्वारा नामांकन पत्र जमा किए जा सकते हैं, जबकि नामांकन पत्र इसी स्थान व समय पर उपलब्ध भी रहेंगे।

नामांकन पत्रों की छंटनी 04 मई 2026 को प्रातः 10 बजे से की जाएगी। वहीं नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 06 मई 2026 सायं 3 बजे तक निर्धारित की गई है।
निर्धारित तिथि के बाद चुनाव मैदान में उतरे उम्मीदवारों की सूची तैयार की जाएगी तथा उसी दिन उन्हें चुनाव चिन्ह भी आवंटित किए जाएंगे।
यदि चुनाव की स्थिति बनती है, तो मतदान 17 मई 2026 को प्रातः 7 बजे से सायं 3 बजे तक करवाया जाएगा।




