ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज । हिमाचल राज्य चयन आयोग द्वारा घोषित टीजीटी नॉन मेडिकल परीक्षा में ग्राम पंचायत घनागुघाट के बपड़ोन गांव की निवासी मोनिका, पत्नी मुकुल ठाकुर, ने परीक्षा उत्तीर्ण कर अपने परिवार सहित पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोनिका ने बीएससी की शिक्षा संजौली कॉलेज से तथा एमएससी (भौतिक विज्ञान) व बीएड हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की है।

इसके अतिरिक्त उन्होंने टीईटी, सीटीईटी व गेट जैसी कठिन परीक्षाएं भी सफलतापूर्वक पास की हैं। मोनिका की इस उपलब्धि की खास बात यह है कि उन्होंने टीजीटी नॉन मेडिकल परीक्षा पहले ही प्रयास में बिना किसी कोचिंग के उत्तीर्ण कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।

मोनिका के सास-ससुर रोशन लाल ठाकुर व सुनीता ठाकुर, जो शिक्षाविद हैं और अध्यापक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं, ने इस सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे कड़ी मेहनत व लगन का परिणाम बताया है। मोनिका की इस सफलता पर क्षेत्र में खुशी की लहर है तथा लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



