ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के अंतर्गत मांगल क्षेत्र की निवासी आरती देवी ने 22 फरवरी 2026 को आयोजित टीजीटी हिंदी एसएमसी एलडीआर परीक्षा उत्तीर्ण कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। हाल ही में जारी अंतिम चयन सूची में नाम आने के बाद परिजनों व परिचितों ने उन्हें बधाई दी है।

आरती देवी वर्तमान में मांगल में टीजीटी हिंदी के पद पर सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखते हुए यह सफलता प्राप्त की है, जिसे उनकी मेहनत और निरंतर प्रयास का परिणाम माना जा रहा है।

उन्होंने विवाह के बाद अपनी उच्च शिक्षा पूरी करते हुए प्रभाकर, एम.ए. अंग्रेजी, एम.ए. इतिहास, एम.ए. हिंदी तथा बी.एड. की डिग्रियां प्राप्त कीं। इसके साथ ही उन्होंने एनपीएसएस धुंदन में शिक्षण कार्य भी किया। वर्ष 2011 में टीईटी परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद 19 दिसंबर 2014 को एसएमसी नीति के तहत मांगल स्कूल में बतौर एल.टी. अपनी सेवाएं शुरू कीं और वर्तमान में टीजीटी हिंदी के पद पर कार्यरत हैं।
आरती देवी ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने परिवार को दिया है, जिनके सहयोग और प्रेरणा से वह इस मुकाम तक पहुंच पाई हैं।





