ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-शिमला के गेयटी थिएटर में पं० जवाहरलाल नेहरू राजकीय ललित कला महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग के सौजन्य से आयोजित तीन दिवसीय चित्रकला प्रदर्शनी इन दिनों दर्शकों को आकर्षित कर रही है। यह प्रदर्शनी मंगलवार सायंकाल तक जारी रहेगी।

प्रदर्शनी में अर्की उपमंडल के दूर दराज गांव भलग के युवा कलाकार शुभम चौहान की चित्रकला श्रृंखला विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। उनकी कृतियों में “हिमाचली विरासत और परंपरा” का सजीव चित्रण देखने को मिल रहा है, जिसे दर्शकों द्वारा खूब सराहा जा रहा है।


शुभम चौहान ने बताया कि उनका प्रयास अपनी कला के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को संजोना है। उन्होंने कहा कि उनकी पेंटिंग्स में पहाड़ी टोपी, पगड़ी की बारीकियां और ग्लेशियर पर पड़ती रोशनी जैसे विषयों को उकेरकर हिमाचल की पहचान को दर्शाने का प्रयास किया गया है।
प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में कला प्रेमी, विद्यार्थी और स्थानीय लोग पहुंच रहे हैं। यह आयोजन जहां युवा कलाकारों को मंच प्रदान कर रहा है, वहीं प्रदेश की समृद्ध संस्कृति को भी नई पहचान दे रहा है।




