ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला सोलन ने प्रदेश के डीजीपी के खिलाफ की जा रही कथित बयानबाजी और आरोपों पर कड़ी आपत्ति जताई है। संगठन के संयोजक एवं वरिष्ठ मुख्य सलाहकार धनीराम तनवर सहित समस्त कार्यकारिणी ने मुख्यमंत्री से इस मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है।

जारी प्रेस नोट में संगठन ने कहा कि हाल ही में एक सभा के एक नेता द्वारा डीजीपी के तबादले की मांग करते हुए उन पर विभिन्न आरोप लगाए गए, जो पूरी तरह मनगढ़ंत और तथ्यहीन हैं। संगठन का कहना है कि ये आरोप व्यक्तिगत रंजिश के चलते लगाए जा रहे हैं और इनका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है।

एसोसिएशन ने डीजीपी अशोक तिवारी को ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और साफ-सुथरी छवि वाला अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश की कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनी हुई है। उन्होंने पुलिस कर्मियों के साथ उनके व्यवहार को सराहनीय बताते हुए कहा कि वे पेंशनरों के हितों के प्रति भी संवेदनशील हैं और उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हैं।

संगठन ने यह भी स्पष्ट किया कि डीजीपी पर लगाए गए जातीय भेदभाव के आरोप पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि इस प्रकार की भ्रामक बयानबाजी को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही एसोसिएशन ने यह मांग भी दोहराई कि डीजीपी के पद को लेकर स्थायी आदेश जारी किए जाएं, ताकि उन्हें “कार्यकारी” कहकर संबोधित करने जैसी स्थिति समाप्त हो और उनके मनोबल को और मजबूती मिल सके।
संगठन ने उम्मीद जताई कि सरकार तथ्यों के आधार पर उचित निर्णय लेगी।



