ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। शालाघाट के समीप विश्वकर्मा मंदिर परिसर में 14 अप्रैल को हरिजन कल्याण समिति क्षेत्र अर्की के तत्वाधान में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में लोक निर्माण एवं युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।

मुख्यातिथि के आगमन पर आयोजकों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने पुलिस सलामी ली तथा बाबा साहेब के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। आयोजक समिति द्वारा मंत्री को टोपी, मफलर व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की सोच और विचारधारा हमेशा समाज के हर तबके को ऊपर उठाने की रही है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने समाज में फैली कुरीतियों को समाप्त करने में अहम योगदान दिया, जिसे सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने लोगों से उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में समानता, न्याय और भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर हरिजन सेवक संघ के प्रदेश अध्यक्ष चुन्नीलाल बंसल ने मुख्यातिथि को समिति द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी तथा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया। मंत्री ने सभी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उनके समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने आयोजक समिति को अपनी ऐच्छिक निधि से 41,000 रुपये देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम के दौरान हरिजन सेवक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रोफेसर डॉक्टर शंकर कुमार सान्याल द्वारा भेजा गया शुभकामना संदेश भी प्रदेश अध्यक्ष द्वारा मुख्यातिथि के समक्ष पढ़कर सुनाया गया। इस अवसर पर उनके द्वारा भेजी गई सहयोग राशि के लिए आभार व्यक्त किया गया।

मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंडी जिला के सरकाघाट में हुई हालिया घटना की कड़े शब्दों में भर्त्सना करते हुए कहा कि सरकार ने इस मामले पर गंभीरता से संज्ञान लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को हिरासत में लिया जा चुका है और आगामी समय में कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं समाज को कमजोर करती हैं और इन्हें किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कार्यक्रम में हरिजन सेवक संघ के प्रदेश अध्यक्ष चुन्नीलाल बंसल, जिला सोलन अध्यक्ष धर्मपाल गर्ग, मीडिया प्रभारी राजेंद्र कुमार, हरिजन कल्याण समिति क्षेत्र अर्की के अध्यक्ष कैलाश चंद भाटिया, महासचिव संतराम पंवर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान अर्की कल्याण संस्था के संयोजक सुरेन्द्र ठाकुर और जल शक्ति विभाग के मुख्य अभियंता हेमन्त तनवर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।


