ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज : डीसीएम लैंड ऑफ गॉड्स स्कूल बाह्वां (अर्की) में बैसाखी और हिमाचल दिवस उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित विशेष प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों को बैसाखी पर्व के महत्व से अवगत कराया गया। उन्हें बताया गया कि यह पर्व फसल कटाई के साथ-साथ खुशहाली, समृद्धि और नए आरंभ का प्रतीक है। विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य व अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से इस पर्व की झलक पेश की। हिमाचल दिवस के उपलक्ष्य में भी छात्रों को प्रदेश के इतिहास, संस्कृति और परंपराओं की जानकारी दी गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने पारंपरिक हिमाचली वेशभूषा में लोकनृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

विद्यालय की प्रधानाचार्य रीना पांटा ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हैं तथा उनमें सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं।





