ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़– अर्की। उपमंडल अर्की के राहु स्थित भीम सिंह खेल मैदान में आज से पंचायत स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। इस प्रतियोगिता का आयोजन युवा मंडल ब्रदर ब्रशर्स ओखरू द्वारा किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों की ओर प्रेरित करना है।

प्रतियोगिता का उद्घाटन रुगी गांव की अनीता ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि किया। उन्होंने आयोजकों को इस सराहनीय पहल के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज के समय में नशा समाज के लिए एक गंभीर समस्या बन चुका है और इससे युवा पीढ़ी को बचाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे।

उन्होंने खिलाड़ियों और उपस्थित लोगों से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि खेल ही ऐसा माध्यम है, जो युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास में अहम भूमिका निभाता है।
इस अवसर पर अनीता ठाकुर ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को 5100 रुपये की राशि भेंट स्वरूप प्रदान की।




