अंबुजा/अडानी प्रबंधन संग बैठक में स्वास्थ्य, रोजगार व ट्रांसपोर्ट मुद्दों पर चर्चा, मोबाइल मेडिकल यूनिट सेवा भी शुरू

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-  बाघल विकास परिषद के अध्यक्ष पारस राम ठाकुर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने अंबुजा/अडानी प्रबंधन के नॉर्थ क्लस्टर हेड संदीप सिर के साथ बैठक कर माइनिंग क्षेत्र से जुड़ी बुनियादी आवश्यकताओं पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं, स्थानीय प्रभावित लोगों को रोजगार के अवसर प्रदान करने तथा ट्रांसपोर्ट से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।


बैठक के दौरान प्रबंधन की ओर से माइनिंग क्षेत्र में डॉक्टर सहित मोबाइल हेल्थ यूनिट चलाने की जानकारी दी गई, जिसके लिए शेड्यूल भी तैयार किया गया है, ताकि क्षेत्र के सभी लोगों को निर्धारित समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।


इसके साथ ही ऑक्युपेशनल हेल्थ सेंटर अडानी अंबुजा सीमेंट लिमिटेड और अंबुजा फाउंडेशन दाड़लाघाट के संयुक्त तत्वावधान में मोबाइल मेडिकल यूनिट (एम्बुलेंस) सेवा भी शुरू की जा रही है। इस सेवा के माध्यम से बनोग, रठोह, गयाना, घुमारो, मांगू, संघोई और कशलोग गांवों में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और दवाइयों का वितरण किया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रठोह और बनोग में महीने के पहले गुरुवार, गयाना और घुमारो में दूसरे बुधवार, मांगू और संघोई में तीसरे गुरुवार तथा कशलोग में चौथे बुधवार को यह सेवा उपलब्ध रहेगी। किसी कारणवश सेवा प्रभावित होने पर इसे अगले दिन संचालित किया जाएगा।


रोजगार के मुद्दे पर प्रबंधन ने स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने की बात दोहराई, वहीं ट्रांसपोर्ट से जुड़े विषयों पर 12 चक्का वाहनों के लिए 25 टन तथा 16 चक्का वाहनों के लिए 36 टन लोड निर्धारित करने का प्रस्ताव रखा गया। इस संबंध में ट्रांसपोर्टरों से सुझाव भी मांगे गए हैं।
इस बैठक और योजनाओं की जानकारी बाघल विकास परिषद के अध्यक्ष पारस राम ठाकुर ने दी।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page