ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- बाल विकास परियोजना सोलन के अंतर्गत क्रेच कार्यकर्ता एवं सहायिका के रिक्त पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन पदों के लिए साक्षात्कार 1 अप्रैल 2026 को प्रातः 10 बजे बाल विकास परियोजना अधिकारी सोलन के कार्यालय में आयोजित किए जाएंगे।

यह जानकारी बाल विकास परियोजना अधिकारी कविता गौतम ने दी। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी सह क्रेच केंद्र आईटीआई कॉलोनी, थाना-2 (नजदीक डाईट) तथा रबौन में क्रेच कार्यकर्ता और सहायिका के एक-एक पद भरे जाएंगे। इच्छुक उम्मीदवारों को 30 मार्च 2026 सायं 5 बजे तक अपना आवेदन बाल विकास परियोजना अधिकारी सोलन के कार्यालय में जमा करवाना होगा।
पदों के लिए आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। क्रेच कार्यकर्ता के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं तथा सहायिका के लिए 10वीं पास होना आवश्यक है। साथ ही, आवेदक के परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपए से अधिक नहीं होनी चाहिए, जिसका प्रमाण पत्र तहसीलदार या नायब तहसीलदार द्वारा जारी होना अनिवार्य है।

आवेदन के साथ आयु, शैक्षणिक योग्यता, निवास, आय, जाति, दिव्यांग, विधवा, तलाकशुदा अथवा अन्य संबंधित प्रमाण पत्र संलग्न करने होंगे। साक्षात्कार के दिन उम्मीदवारों को सभी मूल प्रमाण पत्र साथ लाने होंगे। इस संबंध में अलग से कोई बुलावा पत्र जारी नहीं किया जाएगा।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी बाल विकास परियोजना अधिकारी सोलन के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।



