ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– दिल्ली महानगर में बसे हिमाचली परिवारों की अग्रणी सामाजिक संस्था हिमाचल कल्याण सभा (पंजी.) दिल्ली के द्विवार्षिक चुनाव रविवार को स्थानीय बाबा बालकनाथ मंदिर, रघुवीर नगर, दिल्ली के सभागार में संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया चुनाव अधिकारी प्रदीप अग्निहोत्री और गिरधारी लाल शर्मा की देखरेख में आयोजित की गई।

सभा के 25 जोनों के क्षेत्रपालों और केंद्रीय सदस्यों की मौजूदगी में केंद्रीय कार्यकारिणी के चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न हुए। इसमें राकेश शर्मा को एक बार फिर प्रधान चुना गया। इसके साथ ही के.एम. लाल और सुरजीत सिंह चंदेल को वरिष्ठ उप प्रधान, गोपालदास और अजय डोगरा को महासचिव तथा शीशराम पाल को कोषाध्यक्ष चुना गया। सभा के प्रधान राकेश शर्मा को कार्यकारिणी के अन्य पदों पर नियुक्ति की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।

इसके बाद राकेश शर्मा ने कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारियों की घोषणा की। इनमें बक्शी राम, अश्विनी जलेरिया, बलदेव अत्री और संत राम को उपाध्यक्ष बनाया गया। सतीश शर्मा को कार्यालय सचिव, राजेंद्र ठाकुर, डाक्टर पवन कौंडल, राधेश्याम चव्हाण, सुशील सर्रोच, उत्तम चंद मलकोटिया और ऋतिक अग्निहोत्री को सचिव नियुक्त किया गया। वहीं प्रेम चंद चौहान को पब्लिसिटी सेक्रेटरी, लोकेश सूद को खेल एवं संस्कृति सचिव, राज सिंह भारद्वाज को स्टोर सचिव, नरेश कुमार को सहायक कोषाध्यक्ष, रवि ठाकुर को सचिव सह कानूनी सलाहकार तथा तिलक राज शर्मा को लेखा परीक्षक बनाया गया।

तीसरी बार प्रधान निर्वाचित होने पर राकेश शर्मा ने सभी सदस्यों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल कल्याण सभा आगे भी सामाजिक और प्रदेश हित के कार्यों को और मजबूती से आगे बढ़ाएगी। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि समाज और प्रदेश हित में मिलजुलकर महत्वपूर्ण सामाजिक कार्य किए जाएं, ताकि संस्था समाज में एक मिसाल कायम कर सके।
उन्होंने कहा कि सभा, दिल्ली और अन्य स्थानों पर कार्यरत हिमाचली सामाजिक संस्थाओं को साथ लेकर प्रदेशवासियों और प्रदेश हित से जुड़े मुद्दों पर निरंतर कार्य करती रहेगी। इस अवसर पर उन्होंने चुनाव प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए चुनाव अधिकारियों प्रदीप अग्निहोत्री और गिरधारी लाल शर्मा का भी धन्यवाद किया।

