ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज- अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सानण में देलग से शिवघाटी तक बनने वाले संपर्क मार्ग की आधारशिला रविवार को विधायक संजय अवस्थी ने रखी। लगभग 22 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस मार्ग से क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर विधायक ने उपस्थित महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।

कार्यक्रम के दौरान विधायक संजय अवस्थी ने बताया कि इस संपर्क मार्ग के निर्माण से स्थानीय पंचायत के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने इस मार्ग के निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए 20 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत करने की भी घोषणा की।

इस अवसर पर विधायक ने सेरी सेरला में पार्किंग निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध होने व अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। इसके अलावा सरौण गांव में खेल मैदान के निर्माण के लिए 1 लाख रुपये, सेरी गांव में सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 2 लाख रुपये तथा युवक मंडल देलग को 11 हजार रुपये देने की घोषणा की।
विधायक ने इसके उपरांत ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत क्षेत्र के लोगों की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।

इस मौके पर कृषि उपज विपणन समिति सोलन के निदेशक प्यारे लाल, बाघल लैंड लूजर परिवहन समिति दाड़लाघाट के प्रधान जगदीश ठाकुर, कपिल ठाकूर, सुरेंद्र पाठक, धनीराम ठाकुर, अमर चन्द, हेम शंकर, मदन लाल शर्मा, उपमंडलीय पुलिस अधिकारी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड अर्की के अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार, लोक निर्माण विभाग अर्की के सहायक अभियंता राजेश कुमार, आदर्श युवा मंडल देलग के सदस्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति व ग्रामीण उपस्थित रहे।



