अर्की की मानव कल्याण समिति सर्वोत्तम एनजीओ घोषित,जिलास्तरीय समारोह में होगा सम्मान

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-  उपमंडल अर्की में सामाजिक सरोकारों के लिए सक्रिय मानव कल्याण समिति को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। समिति को तहसील अर्की के दोनों शिक्षा खंडों अर्की व धुंदन में सर्वोत्तम एनजीओ घोषित किया गया है। यह सम्मान अगले माह सोलन में आयोजित जिलास्तरीय समारोह में प्रदान किया जाएगा। इस संबंध में शिक्षा उपनिदेशक (गुणवत्ता) एवं जिला परियोजना अधिकारी समग्र शिक्षा, सोलन द्वारा पत्र जारी कर जानकारी दी गई है।


वर्ष 2010 में स्थापित मानव कल्याण समिति पिछले कई वर्षों से सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने का कार्य कर रही है। समिति प्रत्येक वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में तहसील स्तर पर प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करती है। इसके अतिरिक्त सरकारी स्कूलों की चार अन्य छात्राओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया जाता है। पिछले 16 वर्षों में समिति 108 विद्यार्थियों को सम्मानित कर चुकी है। साथ ही जरूरतमंद मेधावी छात्रों को वित्तीय सहायता भी प्रदान की जाती है।


समिति समय-समय पर स्कूलों में नशा विरोधी कार्यक्रम व सामान्य जागरूकता शिविर आयोजित कर सामाजिक चेतना को मजबूत करने का कार्य भी करती है। इसके अलावा प्रतिवर्ष एक सम्मान समारोह आयोजित कर अर्की क्षेत्र की उन विभूतियों को सम्मानित किया जाता है, जिन्होंने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अब तक ऐसे 15 समारोह आयोजित किए जा चुके हैं। समिति के सचिव राजेश कपाटिया ने जानकारी देते हुए बताय कि मानव कल्याण समिति अपने संसाधनों से दूरदराज क्षेत्रों में निःशुल्क चिकित्सा शिविर भी आयोजित करती है।

इन शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा रोगियों की जांच के साथ रक्त जांच, दवाइयां व चश्मे आदि निःशुल्क वितरित किए जाते हैं। समिति अब तक 19 चिकित्सा शिविर आयोजित कर चुकी है। लगभग छह वर्ष पूर्व समिति ने अर्की में होम केयर चिकित्सा उपकरण बैंक की स्थापना की, जिसके माध्यम से जरूरतमंदों को ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, अल्फा मैट्रेस, व्हील चेयर, ऑक्सीमीटर, ग्लूकोमीटर व थर्मामीटर आदि निःशुल्क उपलब्ध करवाए जाते हैं।

समिति समय-समय पर जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता भी प्रदान करती रही है। समिति के प्रधान राजिंदर गौतम ने सभी सहयोगियों को बधाई दी। कपाटिया ने इसे समिति के लिए गौरव का क्षण बताया। वहीं संस्थापक डॉ. संत लाल शर्मा ने कहा कि समिति भविष्य में भी निस्वार्थ भाव से क्षेत्र की प्रगति के लिए कार्य करती रहेगी।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page