ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- कुनिहार के महाराजा पदम सिंह स्टेडियम में एहसास क्लब के सौजन्य से आयोजित हिम एकादश प्रदेश स्तरीय पंचायत क्रिकेट प्रतियोगिता का विधिवत समापन हो गया। प्रतियोगिता में प्रदेश भर से 64 टीमों ने भाग लेकर खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

एहसास क्लब के अध्यक्ष हरजिंदर ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला कोठी और हाटकोट पंचायत के बीच खेला गया। निर्धारित ओवरों में दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 110-110 रन बनाए, जिससे मुकाबला रोमांचक टाई पर समाप्त हुआ। इसके बाद सुपर ओवर में हुए निर्णायक मुकाबले में कोठी पंचायत की टीम ने बाजी मारते हुए खिताब अपने नाम किया।

समापन समारोह में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजेंद्र ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। विजेता टीम को 77,777 रुपये की इनामी राशि तथा उपविजेता टीम को 55,555 रुपये की राशि प्रदान की गई।
मुख्य अतिथि ने आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे खेल आयोजन युवाओं को खेलों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में सहायक सिद्ध होती हैं।
इस अवसर पर हाटकोट पंचायत के पूर्व प्रधान जगदीश अत्रि, ललित मोहन, हिम एकादश कमेटी के अध्यक्ष दलजीत कंवर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



