ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत मांगू के कुरगन खेल मैदान में आयोजित पंचायत स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। समापन समारोह में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य व समाजसेवी राजेंद्र ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजकों एवं स्थानीय ग्रामीणों द्वारा मुख्य अतिथि का भव्य स्वागत किया गया तथा उन्हें चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राजेंद्र ठाकुर ने फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के खेल की सराहना करते हुए विजेता टीम को बधाई दी तथा उपविजेता टीम के प्रयासों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हार और जीत खेल का हिस्सा हैं, लेकिन खेल भावना, अनुशासन और टीम वर्क ही खिलाड़ियों की असली पहचान होती है।

उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि एक स्वस्थ, अनुशासित और सशक्त समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राजेंद्र ठाकुर ने आयोजन समिति को इस तरह की प्रतियोगिता आयोजित करने के लिए बधाई देते हुए आयोजकों को 11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा भी की।

क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन राम लीला क्लब मांगू द्वारा किया गया, जिसमें कुल 32 टीमों ने भाग लिया। समापन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीमों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए। विजेता टीम को 51 हजार रुपये नकद व ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 25 हजार रुपये नकद व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला ब्रदर इलेवन पिपलूघाट और एस पी प्लानिया के बीच खेला गया। फाइनल मैच में एस पी प्लानिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवरों में 125 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में ब्रदर इलेवन पिपलूघाट की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 विकेट शेष रहते लक्ष्य हासिल कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।

समापन समारोह में देवता कुरगन कमेटी के प्रधान मेहर सिंह वर्मा, निवर्तमान पंचायत प्रधान बलदेव ठाकुर, निवर्तमान बीडीसी सदस्य राजेंद्र ठाकुर, कुरगन ट्रांसपोर्ट सोसाइटी के प्रधान रतन चंद भट्टी सहित कुलदीप, हीरा लाल, पंकज, शेर सिंह, राजीव भट्टी, महिला मंडल मांगू की सदस्याएं तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।



