ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत पलोग के मांजू गांव में आयोजित मांजू प्रीमियर लीग सीजन-2 के तहत शनिवार को क्वार्टर फाइनल औऱ सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में हिमालयन पैंथर इलेवन पाहल और जुनगा की टीमों के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला, जिसमें अंतिम गेंद पर फैसला हुआ। कांटे के इस मुकाबले में हिमालयन पैंथर इलेवन पाहल ने जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

सेमीफाइनल मुकाबला पीकेएम मांजू और हिमालयन पैंथर इलेवन पाहल के बीच खेला गया। टॉस पीकेएम मांजू की टीम ने जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। खबर लिखे जाने तक पीकेएम मांजू की टीम 62 रनों पर छः विकेट खो चुकी थी। पाहल की ओर से धीरज ने तीन गेंदों पर तीन विकेट हासिल करते हुए हैट्रिक बनाई, जिससे मैच और अधिक रोमांचक हो गया।
सेमीफाइनल मैच के मुख्यातिथि नया सवेरा जन कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता भीमसिंह ठाकुर रहे। नेहरू युवक मंडल मांजू की ओर से मुख्यातिथि को स्मृति चिन्ह व त्रिशूल भेंट कर सम्मानित किया गया।


अपने संबोधन में भीमसिंह ठाकुर ने कहा कि मांजू गांव हमेशा ही हर क्षेत्र में अग्रणी रहा है। उन्होंने कहा कि खेलों के क्षेत्र में कबड्डी, कुश्ती, क्रिकेट सहित अन्य खेलों में मांजू के युवाओं ने हर मंच पर अपनी प्रतिभा और अनुशासन का परिचय दिया है। शिक्षा के क्षेत्र में भी यह गांव निरंतर आगे बढ़ रहा है और पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि मांजू गांव का देश सेवा में भी अहम योगदान रहा है। यहां से बड़ी संख्या में युवा भारतीय सेना में भर्ती होकर राष्ट्र सेवा कर चुके हैं और आज भी सीमाओं पर देश की रक्षा कर रहे हैं, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। भीमसिंह ठाकुर ने कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं तथा युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

मुख्यातिथि ने सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति और नेहरू युवक मंडल मांजू की सराहना करते हुए आयोजन समिति को 5100 रुपये की सहयोग राशि भी प्रदान की।
इस अवसर पर पलोग पंचायत के पूर्व प्रधान योगेश चौहान, पूर्व उप प्रधान वेद प्रकाश चौहान, भारतीय सेना से सेवानिवृत्त कैप्टन प्रेमचंद चौहान, शमशेर सिंह,रमेश,महेंद्र चौहान, किरपा राम, कुलदीप शर्मा, हरीश, युवक मंडल के प्रधान भारतेंदु शर्मा, सचिन, हनी, लक्की, पीयूष,शिवम, कुशाग्र, चमन, सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।




