ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल मुख्यालय स्थित राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अर्की में शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चित्रकला प्रतियोगिता, नारा लेखन तथा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

विद्यालय के मीडिया प्रभारी वीरेंद्र ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में विद्यालय के सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य राज कुमार गौतम के प्रेरणादायक संबोधन से हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अनुशासित जीवन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

चित्रकला एवं नारा लेखन प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने नशे के विरुद्ध अपने विचारों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। इसके उपरांत आयोजित जागरूकता रैली के जरिए विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज का संदेश देते हुए आम लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नशे के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा समाज में नशामुक्ति को लेकर सकारात्मक वातावरण तैयार करना रहा। विद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम जारी रखने की बात कही।




