ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– नया सवेरा जन कल्याण समिति अर्की ने शिमला–मांजू बस सेवा को पूर्व समय-सारिणी के अनुसार पुनः सुचारू करने की मांग उठाई है। समिति के अध्यक्ष भीम सिंह ठाकुर ने इस संबंध में प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू तथा परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री को ज्ञापन प्रेषित किया है।

ज्ञापन में बताया गया है कि यह बस सेवा शिमला से मांजू को पिछले कई वर्षों से चल रही थी। यह अर्की से शाम करीब 7:40 बजे मांजू के लिए रवाना होती थी। पिछले कुछ समय से इस बस सेवा को बंद कर दिया गया है, जिससे ग्राम पंचायत जलाणा, ग्राम पंचायत पलोग तथा ग्राम पंचायत खनलग के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

समिति का कहना है कि इन पंचायतों के अनेक लोग अर्की बाजार में व्यापार एवं रोजगार से जुड़े हुए हैं और इसी बस सेवा के माध्यम से प्रतिदिन अपने घरों तक पहुंचते थे। बस सेवा बंद होने के बाद स्थानीय लोगों को वैकल्पिक साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है, जिससे उन्हें समय और आर्थिक रूप से अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ रही है।

नया सवेरा जन कल्याण समिति ने सरकार से मांग की है कि स्थानीय जनता की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए शिमला–मांजू बस सेवा को शीघ्र पूर्व की समय-सारिणी के अनुसार बहाल किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।



