कांग्रेस झूठ के सहारे सत्ता में आई, हिमाचल की 28 लाख महिलाओं से किया ऐतिहासिक धोखा : डेजी ठाकुर

1500 रुपये का वादा जुमला निकला, तीन साल बाद भी महिलाएं सरकार से हिसाब मांग रही हैं।।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष डेजी ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा मनाली विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं को 1500 रुपये देने की घोषणा पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने झूठ का चोला ओढ़कर हिमाचल प्रदेश की 28 लाख महिलाओं को ठगने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज महा ठग मित्र मंडली पार्टी के रूप में सामने आ चुकी है, जिसने सत्ता प्राप्त करने के लिए महिलाओं की भावनाओं के साथ सबसे बड़ा राजनीतिक छल किया।


डेजी ठाकुर ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के शीर्ष नेता—प्रियंका गांधी, राजीव शुक्ला और अलका लांबा—ने घर-घर जाकर यह गारंटी दी थी कि हिमाचल प्रदेश की हर महिला को बिना किसी शर्त हर माह 1500 रुपये दिए जाएंगे। उस समय न आय सीमा की बात थी, न क्षेत्र की, न ही किसी तरह की पात्रता की शर्तें रखी गई थीं। लेकिन जैसे ही कांग्रेस सत्ता में आई, यह वादा धुएं की तरह गायब हो गया।


उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री केवल लगभग 80 हजार महिलाओं को 1500 रुपये देने की घोषणा कर रहे हैं, जबकि प्रदेश में महिलाओं की संख्या 28 लाख से अधिक है। यह न केवल महिलाओं के साथ भेदभाव है, बल्कि खुलेआम धोखाधड़ी भी है। मुख्यमंत्री जहां भी जाते हैं, उसी विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं को भ्रमित कर अस्थायी घोषणाएं कर देते हैं, लेकिन पूरे प्रदेश की महिलाओं को उनका अधिकार आज भी नहीं मिल पाया है।
डेजी ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार को बने लगभग तीन वर्ष हो चुके हैं, लेकिन महिलाएं आज भी अपने मुख्यमंत्री से 1500 रुपये का हिसाब मांग रही हैं।

मुख्यमंत्री बार-बार यह कहते हैं कि योजना पर शर्तें हैं, जबकि चुनाव के समय स्पष्ट रूप से कहा गया था कि कोई शर्त नहीं होगी और हर महिला को 1500 रुपये मिलेंगे। यह कांग्रेस की दोहरी नीति और झूठे चरित्र को उजागर करता है।
उन्होंने कहा कि अगर सही मायनों में गणना की जाए तो हिमाचल प्रदेश सरकार पर महिलाओं के प्रति लगभग 1500 करोड़ रुपये से अधिक की देनदारी बन चुकी है, जिसे कांग्रेस सरकार जानबूझकर नजरअंदाज कर रही है। यह देनदारी केवल आर्थिक नहीं, बल्कि महिलाओं के विश्वास, सम्मान और स्वाभिमान से जुड़ी हुई है।
भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री के मनरेगा को लेकर दिए गए बयान पर भी पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए केंद्र सरकार और भाजपा पर झूठे आरोप लगा रही है।

मनरेगा को लेकर भ्रम फैलाना कांग्रेस की पुरानी आदत है, जबकि सच्चाई यह है कि भाजपा ने ही पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ योजनाओं को मजबूत किया है।
डेजी ठाकुर ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा महिला मोर्चा कांग्रेस सरकार द्वारा महिलाओं के साथ किए जा रहे इस अन्याय को चुपचाप नहीं देखेगा। प्रदेश की महिलाएं अब कांग्रेस के झूठे वादों को पहचान चुकी हैं और आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से इस धोखे का करारा जवाब देंगी। कांग्रेस को यह समझ लेना चाहिए कि हिमाचल की महिलाएं अब केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि अपने अधिकारों से संतुष्ट होंगी।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page