ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़ — पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला सोलन के सक्रिय पदाधिकारी केके शर्मा का बीते कल प्रातः निधन हो गया।

जानकारी देते हुए संगठन के संयोजक व मुख्य वरिष्ठ सलाहकार धनीराम तनवर ने बताया कि वे पुलिस विभाग से उपनिरीक्षक पद से सेवानिवृत्त थे। उनके निधन से पुलिस पेंशनर संगठन सहित पूरे जिले में शोक की लहर है। पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला सोलन ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता है तथा शोकसंतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना करता है।
दिवंगत केके शर्मा का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव गड़खल, कसौली में पूरे सम्मान के साथ संपन्न हुआ। थाना कसौली की ओर से पुष्प चक्र अर्पित किया गया तथा गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम विदाई दी गई। संगठन ने इसके लिए सोलन जिला पुलिस प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि पुलिस पेंशनरों के निधन पर इस प्रकार का सम्मानजनक व्यवहार प्रशासन की संवेदनशीलता को दर्शाता है।
अंतिम संस्कार के अवसर पर संगठन के अनेक सदस्यों ने उपस्थित होकर श्रद्धांजलि अर्पित की। संगठन की ओर से पार्थिव देह पर चादर और शाल अर्पित कर सम्मान व्यक्त किया गया।


