ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बातल में सोमवार को पूर्व सैनिक लीग अर्की के सामुदायिक भवन के प्रथम तल के निर्माण कार्य का शिलान्यास विधायक संजय अवस्थी ने किया। यह भवन लगभग 20 लाख रुपए की लागत से निर्मित किया जाएगा। इस अवसर पर आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, ग्रामीणों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

विधायक संजय अवस्थी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय सेना देश का गौरव है और प्रत्येक देशवासी को भारतीय सेना पर गर्व है। सैनिकों के हौसले और त्याग के कारण ही देश की सीमाएं सुरक्षित हैं और करोड़ों लोग चैन की सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की सेवा के बाद सेवानिवृत्त होकर घर लौटने वाले सैनिकों का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है।

अवस्थी ने पूर्व सैनिक लीग अर्की के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सैनिकों ने अपना अमूल्य समय देश की सेवा में समर्पित किया है और अब सेवानिवृत्ति के बाद भी वे सामाजिक कार्यों में सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि लीग के प्रयासों से प्रेरणा लेकर क्षेत्र के युवा भी भारतीय सेना में भर्ती होकर देशसेवा का अवसर प्राप्त करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भूतपूर्व सैनिकों, सेवारत सैनिकों और वीर नारियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार द्वारा इस दिशा में अनेक सकारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। विधायक ने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र के चहुमुखी विकास के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। बातल चौक के सौंदर्यीकरण का कार्य शीघ्र आरंभ किया जाएगा, जिसके लिए 24 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

इस अवसर पर उन्होंने उत्तर भारत मास्टर बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में पहला स्थान प्राप्त करने वाले राजेश भट्टी को सम्मानित किया। पूर्व सैनिक लीग अर्की के अध्यक्ष कैप्टन पदम देव ठाकुर ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए लीग की गतिविधियों की जानकारी दी।

विधायक अवस्थी ने युद्ध स्मारक पर छत निर्माण कार्य के लिए 75 हजार रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने बातल एवं तत्पश्चात लोक निर्माण विभाग अर्की के विश्राम गृह में लोगों की समस्याएं भी सुनीं और उनके शीघ्र समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत देवरा के प्रधान रूप सिंह, ग्राम पंचायत दानोघाट की प्रधान मंजू, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता सतीश कश्यप, नगर पंचायत अर्की की पूर्व अध्यक्ष सीमा शर्मा, कांग्रेस पार्टी के गुरदासु, प्यारेलाल, कमलेश शर्मा, डी.डी. शर्मा, कपिल ठाकुर, सुरेंद्र पाठक, धनीराम ठाकुर, पूर्व सैनिक लीग अर्की के कोषाध्यक्ष सूबेदार मेजर मस्तराम वर्मा, उपमंडलाधिकारी अर्की निशांत तोमर, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता राजेश शर्मा, विद्युत बोर्ड के अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता विवेक कटोच सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति, एक्स-सर्विसमैन लीग अर्की के सदस्य और ग्रामीण उपस्थित रहे।




