दैनिक हिमाचल न्यूज- कुनिहार के समीपवर्ती कोटि गांव के निवासी 48 वर्षीय राम रत्न की नाइजीरिया में हार्ट अटैक से असामयिक मृत्यु हो गई। वे बीते रविवार को नाइजीरिया की एक कंपनी में कार्यरत रहते हुए हृदयाघात का शिकार हुए थे। शव को भारत लाने में लगभग छह दिन का समय लगा। वीरवार देर रात राम रत्न का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, जिसके बाद शुक्रवार को उनके पुत्रों ने उन्हें मुखाग्नि दी।

जानकारी के अनुसार, मृत्यु की सूचना परिजनों को उसी दिन प्राप्त हो गई थी, लेकिन उन्होंने धैर्यपूर्वक इसे सार्वजनिक नहीं किया। परिजन दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे और वहां सभी औपचारिकताएं पूरी कर शव को अपने साथ गांव लाए। शुक्रवार को गांव में गमगीन माहौल के बीच अंतिम संस्कार किया गया। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।



