ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- अर्की उपमंडल की ग्राम पंचायत पलोग के अंतर्गत मांजू गांव की प्रिया चौहान ने नीट-2025 परीक्षा में 508 अंक अर्जित कर 98.01 प्रतिशताइल हासिल की है। अपनी मेहनत और समर्पण से प्रिया ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

विज्ञान विषयों में भी प्रिया का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा—फिजिक्स में 94.07, केमिस्ट्री में 99.74 और बायोलॉजी में 95.77 प्रतिशताइल के साथ उन्होंने शानदार सफलता हासिल की। उनकी इस उपलब्धि पर समूचे गांव और क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है।

प्रिया के पिता मेहर चंद भारतीय सेना से ऑनरेरी कैप्टन के पद से सेवानिवृत्त हैं, जबकि माता कांता देवी पंचायत में वार्ड सदस्य के रूप में सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता हैं। सीमित संसाधनों के बीच प्रिया ने अनुशासन, परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण से यह उपलब्धि पाई है।

ग्राम पंचायत, शिक्षकों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने प्रिया को शुभकामनाएं दी हैं और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। क्षेत्रवासियों का मानना है कि प्रिया की सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण है।





