ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत भूमती के डाडल गांव में सुभाष नेहरू युवक मंडल डाडल द्वारा आयुष विभाग हिमाचल प्रदेश के सौजन्य से एक विशेष योगा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र भूमती की डॉक्टर हेमा कश्यप, योग प्रशिक्षक गोपाल चंद और एपीओ प्रदीप कुमार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

इस योगा सत्र में गांव की लगभग 40 महिलाओं और युवाओं ने भाग लिया और योग के माध्यम से तन और मन को स्वस्थ रखने के तरीकों को सीखा। योग प्रशिक्षक ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम करवाए, जिससे प्रतिभागियों को मानसिक शांति और ऊर्जा का अनुभव हुआ।

डॉ. हेमा कश्यप ने कहा कि योग हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा बनना चाहिए, क्योंकि यह न केवल शरीर को फिट रखता है बल्कि हमारी आंतरिक शक्ति को भी मजबूत करता है। उन्होंने युवक मंडल और महिला मंडल विकास समिति डाडल का इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद भी किया।

युवक मंडल के प्रधान हितेंद्र वर्मा ने भी डॉक्टर कश्यप और उनकी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम गांव के युवाओं और महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं।

इस मौके पर युवक मंडल के सदस्य, महिला मंडल की प्रधान प्रोमिला देवी, विकास समिति के कोषाध्यक्ष मानसिंह तनवर, मुख्य सलाहकार पंकज कुमार, रवि, चमन लाल, प्रेमलाल, रणजीत, राजू, लक्ष्मीकांत, प्रदीप, तिलक राज, प्रबलू, बैजू, मनु, सत्या देवी,चंपा देवी , दीपा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने गांव में स्वास्थ्य और योग के प्रति सकारात्मक संदेश फैलाया और लोगों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।




