ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अर्की उपमंडल के अंतर्गत शालाघाट क्षेत्र में वेस्ट वॉरियर सोसाइटी द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत सुखा कचरा एकत्र कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जनजागरण का संदेश दिया गया। इस अभियान को सफल बनाने में ग्राम पंचायत कोटली, व्यापार मंडल शालाघाट, महिला मंडलों और होमगार्ड जवानों का योगदान सराहनीय रहा।

इस स्वच्छता अभियान में ग्राम पंचायत कोटली के प्रधान यशपाल कश्यप ने स्वयं उपस्थित होकर भाग लिया और पंचायत सदस्यों के साथ मिलकर क्षेत्र की सफाई में सहयोग दिया। उन्होंने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया।

अभियान की सबसे अहम कड़ी रहे होमगार्ड के जवान, जिन्होंने बड़ी संख्या में पहुंचकर अनुशासन और समर्पण के साथ सफाई कार्य को अंजाम दिया। होमगार्ड की 11वीं बटालियन के जवानों ने अभियान की शुरुआत से अंत तक सक्रियता दिखाई और पूरे क्षेत्र में फैले सुखे कचरे को एकत्र कर साफ-सफाई को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया। उनकी मेहनत और प्रतिबद्धता ने पूरे कार्यक्रम को एक नया आयाम दिया और स्थानीय लोगों से उन्हें खूब सराहना मिली।

वहीं, व्यापार मंडल शालाघाट के प्रधान भूपेंद्र सागर शर्मा के नेतृत्व में मंडल के सदस्य – नरेश शर्मा, अनिल कुमार, राजकुमार, कामेश्वर, लाल सिंह, अनूप शर्मा, डीडी शर्मा, ईश्वर शर्मा, नानकचंद, मोहन लाल, खेमचंद, योगेन्द्र, कमल, सुमित, हरीश, टेकचंद, धन्नालाल, कृष्ण, गगन,विद्या देवी,प्रभा और दीक्षा ने भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया।
इस दौरान महिला मंडल कोटली एवं महिला मंडल घुमारी की सदस्य महिलाओं ने भी स्वेच्छा से भाग लेकर स्वच्छता की मुहिम को बल दिया और समाज को प्रेरित किया।






