ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – नागरिक अस्पताल अर्की में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व कार्यकारी खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. दुनीचंद ने किया, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में परामर्श विशेषज्ञ डॉ. विजय कुमार शांडिल ने नर्सिंग छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी दी।

डॉ. शांडिल ने अपने संबोधन में कहा कि यदि आज हमने पर्यावरण की ओर ध्यान नहीं दिया तो आने वाली पीढ़ियों का भविष्य संकट में पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष की थीम “भूमि पुनरस्थापना, मरुस्थलीकरण और सूखा प्रतिरोध” है, जो हमें प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की ओर प्रेरित करती है।

उन्होंने उपस्थित छात्रों को दैनिक जीवन में अपनाई जा सकने वाली सरल पर्यावरणीय आदतों के बारे में भी बताया, जैसे हर साल एक पेड़ लगाना, प्लास्टिक का उपयोग कम करना, जल एवं बिजली की बचत, पैदल चलने की आदत डालना और कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाना। उन्होंने जंगल, नदियों, जीव-जंतुओं और जैविक खाद जैसे प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा पर भी बल दिया।
इस अवसर पर पर्यवेक्षक शकुंतला शर्मा, भूषण वर्मा और लीला दत्त गर्ग ने भी पर्यावरण संरक्षण पर छात्राओं को जागरूक किया। सभी ने सामूहिक रूप से पर्यावरण की रक्षा करने और प्राकृतिक संसाधनों को बचाने की प्रतिज्ञा ली। छात्राओं ने यह संकल्प लिया कि वे जल, वायु, मृदा और वन्य जीवों को सुरक्षित रखने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।







