मांगू गांव में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया देवता कुरगन जी  का जन्मोत्सव

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज— ग्राम पंचायत मांगू में मंगलवार को देव आस्था और परंपराओं के प्रतीक देवता कुरगन जी का वार्षिक जन्मोत्सव जात्रा बड़ी धूमधाम, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। यह आयोजन हर वर्ष की भांति 9 अप्रैल को पूरे धार्मिक रीति-रिवाज़ों के साथ आयोजित किया जाता है, जिसमें क्षेत्रवासियों की भारी भागीदारी रहती है।

इस पावन अवसर पर कुरगन लैंड लूजर सोसायटी मांगू के संस्थापक मेहर सिंह वर्मा, सोसायटी के प्रधान रतन चंद भट्टी, ग्राम पंचायत मांगू के प्रधान बलदेव ठाकुर, उपप्रधान राजेश, बीडीसी सदस्य राजेंद्र तथा महिला मंडल मांगू की विशेष उपस्थिति रही। समस्त ग्रामवासियों की उपस्थिति में देवता के जन्मोत्सव को प्रतीकात्मक रूप से केक काटकर मनाया गया, जिसमें आस्था और आधुनिकता का सुंदर समन्वय देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान देवता कुरगन (मंडोरघाट) सहित देवता कुरगन कराड़ाघाट, मांगू, संघोंई, डवारु और कोलका  सहित इन छह पवित्र देवताओं की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। भक्तों ने देवध्वनि के बीच देवताओं की सेवा कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

पूरे दिन गांव में भक्ति का वातावरण छाया रहा। महिला मंडल द्वारा सुंदर भजनों की प्रस्तुति दी गई और श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से देव आराधना में भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

इस धार्मिक आयोजन ने ग्रामवासीयों की आस्था को और दृढ़ किया तथा पारंपरिक संस्कृति को जीवंत बनाए रखने की प्रेरणा दी। आयोजन में सभी ने एकजुट होकर भाग लिया, जिससे गांव में सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल देखने को मिली।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page