ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज :- सोलन जिला के अर्की की होनहार बेटी ईशा ठाकुर को उनकी राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियों के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने उन्हें सराहना पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान उनकी कड़ी मेहनत, समर्पण और राज्य का नाम रोशन करने के लिए दिया गया, जिससे हिमाचल प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर गौरव प्राप्त हुआ है।

इसके अलावा, ईशा ठाकुर को हिमाचल प्रदेश विधानसभा सत्र को प्रत्यक्ष रूप से देखने का भी विशेष अवसर मिला।

इस दौरान समाजसेविका और राजपरिवार अर्की की पुत्रवधू मयूराक्षी सिंह भी उनके साथ उपस्थित रहीं। ईशा ने बताया कि उन्होंने करीब से देखा कि विधानसभा की कार्यवाही कैसे संचालित होती है, मंत्रीगण किस प्रकार बहस करते हैं और राज्य से जुड़े निर्णय कैसे लिए जाते हैं। उन्होंने इसे अपने जीवन का एक अविस्मरणीय अनुभव बताया, जो उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा।

ईशा ठाकुर ने इस सम्मान के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार और विधानसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने उन सभी व्यक्तियों का धन्यवाद किया, जिन्होंने उनके सफर में हर कदम पर साथ दिया और निरंतर समर्थन प्रदान किया।
ईशा ठाकुर की इस उपलब्धि से हिमाचल प्रदेश को गर्व है। उनकी मेहनत और सफलता से युवा पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।





