ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज:- राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग में पुस्तक मेले और विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में पढ़ने की रुचि बढ़ाना और वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करना था।

मेले में हिंदी और अंग्रेजी साहित्य, विज्ञान, प्रेरणादायक कहानियों और सामान्य ज्ञान से जुड़ी पुस्तकों का समृद्ध संग्रह रखा गया। पुस्तकालय प्रभारी भूपेंद्र कुमार ने कहा कि पुस्तकालय का अधिक उपयोग करने से छात्रों का बौद्धिक विकास होता है।

इसके साथ ही विज्ञान प्रदर्शनी में छात्रों ने रोचक वैज्ञानिक मॉडल और प्रयोगों का प्रदर्शन किया। विज्ञान शिक्षिका सरोज कुमारी ने इसे छात्रों के लिए प्रेरणादायक बताया। विद्यालय की मुख्याध्यापिका मनोरमा चड्ढा ने छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए अभिभावकों और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर एसएमसी प्रधान बंती तनवर, विद्यालय एडॉप्टर श्यामलाल चौधरी, सामाजिक कार्यकर्ता रमेश कुमार, शिक्षक अरुण शर्मा, यशपाल वर्मा, सरोज कुमारी, पवन कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विद्यालय प्रशासन ने इस पहल को छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया।




